भिवानी के देव नगर में सुसाइड करने वाले जिम संचालक के परिजनों ने पिछले एक सप्ताह से तंग करने का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि वकील बार-बार आकर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा था तो पुलिस भी लगातार आ रही थी। उधर मामले में दूसरे दिन भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
देवनगर में मंगलवार सुबह जिम संचालक शशीकांत ने घर में ही पंखे से फंदा बांध सुसाइड कर लिया था। शशीकांत ने सुसाइड नोट भी लिखा जिसमें वकील व एसएचओ पर तंग करने, उसके परिवार को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए। गुस्साए परिजनों ने रोड जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की थी। पुलिस ने दो के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया। इस मामले में बुधवार को भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता की गिरफ्तारी के लिए गांव में प्रयास भी किए।
मृतक के पिता धर्म सिंह ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से उन्हें तंग किया जा रहा था। वकील बार-बार घर आकर परेशान कर रहा था। पुलिस भी आ रही थी। महिलाओं से भी गलत तरीके से सवाल जवाब किए जा रहे थे। इस कारण शशिकांत काफी तनाव में थे। इसी कारण उसने यह कदम उठाया। मामले में जांच अधिकारी सदर थाना से एएसआई वेद कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।