जन स्वास्थ्य विभाग में तैनात गांव ढाणी फौगाट निवासी एक कर्मचारी के घर से मंगलवार रात चोरों ने डेढ़ लाख की नकदी सहित लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात के समय परिवार एक ही कमरे में सो रहा था। चोरों ने कमरे के दरवाजे की बाहर से कुंडी लगाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना में पीड़ित कर्मचारी ने करीब दस लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पिछले तीन माह में गांव में दूसरी बड़ी चोरी होने पर ग्राम पंचायत ने ठीकरी पहरा लगाने का निर्णय भी लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव ढाणी फौगाट निवासी अजीत सिंह जन स्वास्थ्य विभाग में तैनात है। मंगलवार रात खाना-खाने के बाद वह परिवार सहित कमरे में सो रहा था। देर रात चोरों ने घर में घुसकर कमरे का बाहर से दरवाजा बंद कर दूसरे कमरे में रखी अलमारी से डेढ़ लाख की नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ित परिवार को आस पड़ोस के लोगों ने दरवाजा खोल घर से बाहर निकाला।
पानी पीने उठी पत्नी को बाहर से बंद मिला दरवाजा
पीड़ित मकान मालिक अजीत सिंह ने बताया कि वह मंगलवार शाम अपनी पत्नी राजबाला व बेटी के साथ एक कमरे में सोया हुआ था। देर रात करीब 12 बजे वह पेशाब करने के लिए बाहर आया था। उस समय तक सब कुछ ठीक था। लेकिन अल सुबह करीब साढ़े तीन बजे अजीत की पत्नी राजबाला पानी पीने के लिए उठी तो दरवाजे की बाहर से कुंडी बंद मिली। जब राजबाला ने खिड़की से झांककर बाहर देखा तो दूसरे कमरे के दरवाजे खुले दिखाई दिए। ऐसे में उसे अनहोनी का शक हुआ और उसने अजीत को जगाकर मामले से अवगत करवाया। पीड़ित परिवार ने बताया कि दरवाजे की कुंडी मे रस्सी फंसाकर बंद किया गया था।
ये सामान हुआ चोरी
अजीत सिंह ने बताया कि उसने स्टोर रूम में अपनी अलमारी रखी हुई है जिसमें अंदर ही रुपये व जेवरात रखता था। मंगलवार को सोते समय उसने स्टोर रूम को ताला भी लगाया था। लेकिन सुबह उठकर देखा तो रूम का ताला टूटा हुआ था। वहीं चोरों ने अलमारी का ताला नहीं खुला तो उसे किसी लोहे के औजार से तोड़ा हुआ था। चोरों ने अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपये नगद, तीन सोने की चेन, एक सोने का हार, दो सोने की पातड़ी, तीन जोड़ी पाजेब, एक चांदी का गुच्छा और एक चांदी का मंगलसूत्र चोरी कर लिया। घटना में पीड़ित को करीब दस लाख रुपयों का आर्थिक नुकसान हो गया है।
तीन माह पहले पड़ोस में यूं ही हुई थी चोरी
ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन माह पहले नंदकिशोर के घर भी चोरों ने इसी तरह घटना को अंजाम दिया था। चोरों ने पहले कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया और फिर कमरे की अलमारी में रखे सामान पर हाथ साफ कर गए। दोनों ही वारदातों में चोरों ने बाहरी क्षेत्र के मकानों को निशाना बनाया है। पुलिस अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
सूचना मिलने के बाद घटनास्थल का मुआयना किया गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सामान की बरामदगी करवा देगी।
देशराज दहिया, सदर थाना प्रभारी