सेक्टर 13 में दुकान की जाली काट चोर 80 हजार की नगदी समेत करीब सवा लाख का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके का मुआयना कर तथ्य जुटाए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरों ने सेक्टर 13 मार्केट में नागपाल कन्फेक्शनरी एंड आइसक्रीम पार्लर को अपना निशाना बनाया। सुबह करीब साढ़े छह बजे दुकानदार नवीन ने दुकान का शटर खोला तो अंदर का दृश्य देख हैरान रह गया। सामान बिखरा हुआ था। काउंटर की दराज भी खुली थी। छत में लगी जाली कटी हुई थी। उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सेक्टर 13 चौकी पुलिस ने मौके का मुआयना किया और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट कुलदीप ने भी मौके से सबूत जुटाए। दुकान संचालक नवीन ने बताया कि चोर दुकान के पिछले हिस्से में कंबल में गांठे लगाकर छत पर चढ़े है। कंबल मिला है। छत पर जाली काटी गई है। दुकान में करीब 80 हजार रुपये रखे थे, जो कि गायब है। इसके अलावा मोबाइल रिचार्ज करने के लिए सात मोबाइल और करीब सात हजार के रिचार्ज कूपन भी रखे थे। इनके अलावा 10 हजार की सिगरेट थी। कुछ अन्य सामान भी चोरी हुआ है। चोरी सामान करीब सवा लाख रुपये का था। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में चौकी इंचार्ज एसआई रमेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
छोटा बच्चा या पतला व्यक्ति
छत में लगे जाल के एक सरिये को काटा गया है। ऐसे में करीब एक फुट की चौड़ाई से ही एंट्री की गई है। इससे कयास लगाए जा रहे है कि किसी बच्चे को अंदर भेजा गया है। या फिर बहुत ही पतले व्यक्ति का काम हो सकता है। दुकानदार ने करीब 12-13 साल के बच्चे को अंदर भेजकर भी देखा। दुकानदार ने पास ही जिम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली, जिसमें चार व्यक्ति सामान लेकर जाते नजर आ रहे है। सेक्टर 13 की मार्केट में पिछले महीने भर में यह दूसरी वारदात है। इससे पहले चोरों का शिकार बनी दुकान के बराबर में ही अग्रवाल कन्फेक्शनरी में भी इसी तरह जाल काटकर चोरी की गई थी।