भिवानी के कितलाना गांव में एक मेडिकल स्टोर में लूट की नीयत से घुसे युवकों ने तोड़फोड़ की। चार नकाबपोश युवकों ने तोड़फोड़ से पहले दुकानदार से रूपये मांगे। नहीं देने पर मारपीट की। फिलहाल मामले की शिकायत सदर थाना में दी गई है।
कितलाना वासी दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि रात को करीब साढ़े नौ बजे वह अपने मेडिकल स्टोर पर पर बैठा था। इसी दौरान चार युवक आए और गेट का शीशा तोड़ दुकान में घुस गए। अचानक शीशे तोड़े जाने पर वह उठा तो हमलावर उससे रुपये मांगने लगे। बोलने लगे कि सारे रुपये जल्दी से निकाल। मगर उसने नहीं दिए। इस पर उसके साथ मारपीट की। हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। करीब आधे घंटे तक उसके साथ छीना-झपटी हुई। बाद में हमलावर भाग निकले। हमलावरों ने चेहरों पर नकाब पहन रखे थे। अजय कुमार ने बताया कि इसकी शिकायत सदर थाना में दी गई है। मामले में एसएचओ सदर थाना नरेंद्रपाल ने बताया कि वह किसी कार्य से बाहर है और शिकायत आएगी तो कार्रवाई की जाएगी।