साहुवास निवासी सतेंद्र व ढाणी फौगाट निवासी खिलावनचंद मर्डर मामले में अपने गुर्गों सहित पुलिस के हत्थे चढ़े गैंग सरगना इनामी बदमाश प्रदीप कासनी व अमरदीप बलियाली से पुलिस ने तीन अवैध रिवाल्वर व आठ कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने हथियारों की बरामदगी रिमांडवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर की है। शनिवार को चारों आरोपियों को रिमांडवधि पूरी होने के बाद न्यायालय में पुलिस पेश करेगी।
गौरतलब है कि साहुवास निवासी सतेंद्र उर्फ काला व ढाणी फौगाट निवासी खिलावनचंद की हत्या मामले के नामजद आरोपी प्रदीप कासनी को तीन गुर्गो सहित सीआईए टीम ने गत 15 दिसंबर को राजस्थान के राजसमंद से गिरफ्तार किया था। प्रदीप पर पुलिस ने गिरफ्तारी से कछ दिन पहले ही बीस हजार का इनाम रखा था। पुलिस ने प्रदीप के साथ बलियाली निवासी अमरदीप, मांढी पिरानू निवासी राजबीर उर्फ ढिल्ला व नौरंगाबास निवासी दीपक उर्फ टिंकू को भी पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। हत्याकांड में प्रयोग किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस उनसे पूछताछ कर रही थी। सीआईए प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि प्रदीप कासनी की निशानदेही पर गढ़ी गांव के एक डेरे के समीप से एक रिवाल्वर व एक कारतूस बरामद किया गया जबकि बलियाली निवासी अमरदीप उर्फ भुरिया की निशानदेही पर नौरंगाबास पहाड़ी के समीप से दो रिवाल्वर व सात कारतूस बरामद किए हैं।