भिवानी के महम गेट स्थित एक निजी अस्पताल में बीपी की समस्या से परेशान महिला मरीज के परिजनों ने स्टाफ व डाक्टर को रिपोर्ट देखने के लिए कहा तो डाक्टर व कर्मचारियों ने परिजनों पर हमला कर दिया। दो बुजुर्गों समेत तीन को चोट आई। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। सायं के समय डाक्टर ने लिखित में घायलों से माफी मांगी और थाने में लिखकर दिया। जिसके बाद मामले में समझौता हुआ।
मामला रविवार दोपहर का है। महम गेट स्थित एक निजी अस्पताल में महिला सरला देवी को हार्ट की बीमारी के चलते एडमिशन कराया गया। परिजन महिला की बीपी बढ़ने पर इलाज के लिए बोलते रहे और डाक्टर से मिलने की बात कही। बाद में डाक्टर ने उन्हें कमरे में बुलाया तो झगड़ा शुरू हो गया। झगडेे़ में युवक पंकज, उसके पिता राजेंद्र प्रसाद व ताऊ राधेश्याम को चोट आई। जिन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सायं के समय डाक्टर अस्पताल पहुंचा और तीनों से माफी मांगी। बकायदा लिखित में माफी मांगी। जिसकी कॉपी थाने में भी दी गई। घायल पंकज ने बताया कि उसकी ताई की तबीयत खराब थी। जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डाक्टर को रिपोर्ट दिखानी थी मगर स्टाफ सदस्य सुनवाई ही नहीं कर रहे थे। बाद में डाक्टर ने कमरे में बुलाया और अभद्र व्यवहार किया। मेज उसके ऊपर फेंक दी। उसके पिता व ताऊ बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी चोट आई। अब माफी मांग ली है।