भिवानी के मंढोली कलां गांव के सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक के मैनेजर को हिसार विजिलेंस टीम ने एक हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मैनेजर हरियावास गांव के किसान से किसान क्रेडिट कार्ड के पैसे निकलवाने की एवज में पैसों की मांग कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरियावास गांव के किसान प्रेम ने इस संबंध में विजिलेंस विभाग को शिकायत दी थी। किसान के अनुसार, उसने सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक मंढोली कलां से 8 लाख 47 हजार रुपये का केसीसी बनवाया हुआ था। इसमें से उसने 5 लाख 75 हजार रुपये विड्रा किए थे। अब उसे 50 हजार रुपये की ओर जरूरत थी। इसके लिए मैनेजर से संपर्क किया तो मैनेजर ने उससे एक हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। किसान ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग से की।
शिकायत पर विभाग ने भिवानी के तहसीलदार संजय बिश्नोई को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया तथा इंस्पेक्टर भूपेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में एसआई गोपालाराम, सदानंद, एससी जगमीत, नरेश, गुरूसेवक सहित टीम का गठन कर किसान को एक हजार रुपये का नोट दिया। किसान ने जैसे ही पैसे मैनेजर को दिए तथा विजिलेंस टीम को इशारा किया तो टीम ने मैनेजर की तलाशी ली। मैनेजर की जेब से रंग लगा हुआ एक हजार रुपये का नोट बरामद हो गया। पुलिस ने मैनेजर के हाथ धुलवाए तो हाथ रंग से लाल हो गए। विजिलेंस टीम ने मैनेजर को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। टीम में शामिल इंस्पेक्टर भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि विजिलेंस टीम ने बैंक मैनेजर रामनिवास को एक हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
हरियावास गांव के एक किसान की सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक मंढोली कलां शिकायत मिली थी। विजिलेंस ने किसान द्वारा बैंक मैनेजर रामनिवास को दिए गए रिश्वत के पैसे बरामद कर मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया हैÓ।
भूपेन्द्र शर्मा, इंस्पेक्टर विजिलेंस, हिसार।
मंढोली कलां के मैनेजर रामनिवास को एक हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। हरियावास के किसान की शिकायत थी कि मैनेजर केसीसी के लिए रिश्वत की मांग कर रहा थाÓ।
संजय बिश्नोई, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार भिवानी।