भिवानी में बीडी गुप्ता पार्क के पास रात को हुए हादसे में युवक की मौत रोडवेज बस के पहिये के नीचे कुचले जाने से हुई थी। रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी और फिर युवक को कुचलते हुए चली गई। पुलिस ने घायल साथी के बयान पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का मामला दर्ज किया है।
रात करीब आठ बजे हांसी मार्ग पर बीडी गुप्ता पार्क के पास एक रोडवेज बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। बाइक चालक रवि को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में चालक का साथी धनराज घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल धनराज ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह राज मिस्त्री है और रवि मजदूरी करता था। वे दोनों देवनगर में काम कर घर लौट रहे थे। जब वे बीडी गुप्ता पार्क के पास पहुंचे तो बस ने पीछे से टक्कर मारी। वह एक साइड गिर गया और रवि सड़क पर। बस रवि को कुचलते हुए निकल गई। रवि 16 दिन पहले ही पिता बना था और उसकी पत्नी ने लड़के को जन्म दिया है। घर में खुशी का माहौल था। मामले में सदर थाना से जांच अधिकारी हवलदार कृष्ण कुमार ने बताया कि धनराज के बयान पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बस हिसार से भिवानी आ रही थी।