घर से प्रोजेक्ट का सामान लेने गए एक छात्र का बामनहेरी के पास रेलवे लाइन पर गर्दन कटा हुआ मिला। जेब में मिले कागजात से मृतक की शिनाख्त होने पर जीआरपी ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
सिविल लाइन के आंनदपुरी निवासी नवीन (18) शहर के कॉलेज में बीसीए का छात्र था। रविवार शाम वह बाहर से घूमफिर कर घर लौटा। कॉलेज से उसे कोई प्रोजेक्ट बनाने का काम मिला था। उसी का सामान लाने की बात कहकर वह रात करीब आठ बजे घर से निकल गया और फिर लौटकर नहीं आया।
परिजन उसे शहर में इधर-उधर तलाशते रहे। उधर, रात मेें जीआरपी को बामनहेरी रेलवे लाइन के पास एक युवक का गर्दन कटा हुआ शव मिला। उसके कपड़ों से मिली पर्ची से उसकी पहचान नवीन के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को फोन कर मामले की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को छात्र की गर्दन रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई। मौत का समाचार मिलते ही छात्र के परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर लोगों की काफी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम उसका दाह-संस्कार कर दिया गया। जीआरपी एसओ किशन अवतार ने बताया कि प्रथमदृ्ष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव की स्थिति हत्या नहीं दर्शा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मामले का खुलासा होगा।