गांव केलंगा के बस स्टैंड पर लगी पंजाब नेशनल बैंक की एटीएम मशीन को काटकर चोर करीब 7 लाख 34 हजार रुपये लेकर फुर्र हो गए। मशीन को गैस कटर की मदद से काटा गया। अज्ञात चोर चोरी की घटना को अंजाम देते हुए सीसीटीवी में हुए कैद हो गए है। सूचना मिलते ही डीएसपी विजय देशवाल व सीआईए के इंस्पेक्टर संजय बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इस वारदात को चोरों ने बुधवार को रात एक बजे से लेकर तीन बजे तक अंजाम दिया। चोर पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने आए थे। उनके पास गैस कटर व अन्य साजो-सामान था। वारदात का बृहस्पतिवार सुबह पता लगा। पुलिस की सूचना पर फिंगर प्रिंट टीम ने मौके पर पहुंच सबूत जुटाए।
सीसीटीवी में हुए कैद
गांव केलंगा के बस स्टैण्ड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से अज्ञात चोर चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए सीसीटीवी में कैद हो गए है। कैमरे में तीन युवक जींस व मंकी कैप पहने हुए दिखाए दे रहे हैं। पुलिस क्राइम टीम ने सीसीटीवी की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरु कर दी है।
एटीएम में नहीं था सुरक्षा कर्मी
नियमानुसार किसी भी बैंक के एटीएम में सुरक्षाकर्मी का होना जरूरी है, लेकिन गांव केलंगा में स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम में इतनी नगदी होने के बावजूद कोई भी सुरक्षाकर्मी मौजूद नही था। अगर एटीएम में सुरक्षाकर्मी मौजूद होता तो बैंक को लाखों रुपये का नुकसान होने से बच सकता था।
गांव केलंगा के पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से अज्ञात चोर करीब 7 लाख 34 हजार रुपये चोरी कर ले गए है। बैंक मैनेजर धर्मबीर सिंह की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामकिशन जांगड़ा, खरक चौकी इंचार्ज।