भिवानी के बवानीखेड़ा में हांसी के गारमेंट व्यापारी से 10 लाख की फिरौती मामले में नामजद लोगों को गिरफ्तार करने पहुंची हांसी पुलिस की टीम पर औरंगनगर में ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस हमले में एक एएसआई घायल हो गया। बवानीखेड़ा पुलिस ने हांसी के सिटी थाना प्रभारी के बयान पर 18 से 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना शनिवार सुबह पांच बजे की बताई जा रही है। हांसी सिटी थाना प्रभारी उमेद सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम तीन आरोपियों को पकडने़ के लिए गांव औंरगनगर पहुंची। टीम ने गांव राकेश के घर पर रेड की, लेकिन घर बंद मिला। इसके बाद सूचना मिली कि आरोपी एक दूसरे मकान में हैं। वहां पुलिस की टीम ने दबिश दी तो एकाएक 18 से 20 ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इसी दौरान सभी आरोपियों को भगा दिया। हमले में ईएसआई हनुमान घायल हो गया और उसकी वर्दी भी फट गई। सिटी थाना प्रभारी हांसी ने शिकायत में बताया कि राकेश, इन्द्र और बाबी नामक व्यक्तियों को पकड़ने के लिए हांसी सिटी थाना की टीम जिसमें थाना प्रभारी उमेद सिंह, ईएसआई संदीप कुमार, एएसआई सुरेन्द्र, ईएसआई भोलूराम, ईएसआई हनुमान, एचसी जसवंत, एचसी सुरेन्द्र, एसपीओ सुरेन्द्र शामिल थे।
बवानीखेड़ा थाना प्रभारी गल्लाराम ने बताया कि गांव औरंगनगर में हांसी सिटी थाना की पुलिस की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इसमें एक ईएसआई घायल हो गया। थाना प्रभारी सिटी हांसी के उमेद सिंह के बयान पर सरकारी कार्य मे बाधा, मारपीट व अन्य धाराओं के तहत 18 से 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।