चरखी दादरी बस स्टैंड परिसर पर दयानंद कॉलोनी निवासी एक महिला के हाथ से 80 हजार की नकदी झपटकर युवक फरार हो गया। महिला यह राशि गांव मालियावास से ब्याज पर लेकर आई थी। खबर लिखे जाने तक मामले की शिकायत पुलिस के पास नहीं पहुंची थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दयानंद कॉलोनी निवासी राजबाला मंगलवार सुबह मालियावास से किसी घरेेलू काम से 80 हजार की नकदी ब्याज पर लेकर आई थी। बस स्टैंड परिसर पर बस से उतरने के बाद ज्यों ही महिला ने नकदी बाहर निकाली तो पीछे से आया अज्ञात युवक उसके हाथ से नकदी झपटकर फरार हो गया। इसके तुरंत बाद महिला ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। जब तक लोग आरोपी का पीछा करते वह बस स्टैंड परिसर से निकलकर पहुंच से बाहर जा चुका था। इस संबंध में सिटी थाना प्रभारी का कहना है कि उनके पास फिलहाल कोई लिखित में शिकायत नहीं आई है। अगर पुलिस के पास शिकायत आती है तो इस संबंध मे उचित कार्रवाई की जाएगी।