अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। गांव जुई कलां निवासी एक युवक को उसकी पत्नी से विवाद करना भारी पड़ गया। युवक को ससुराल बुलाकर जमकर पीटा। घायल युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
जुई कलां निवासी 40 वर्षीय रुपेश ने अपनी पसलियां पर मारी गई चोटें दिखाते हुए कहा कि उसकी शादी 22 जून 2004 को चैनपुरा गांव में मुकेश देवी के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके चार बच्चे हैं जिनमें तीन लडक़ी और एक लडक़ा। वह गांव में ही परचुन की दुकान चलाता है। सोमवार को उसकी अपनी पत्नी से किसी मामूली बात को लेकर अनबन हो गई और पत्नी ने रोते हुए मायके वालों को बुला लिया और फिर पुलिस भी बुला ली। किसी तरह उसने मामले को सुलझाया। उसकी पत्नी को भी मायके वाले अपने साथ ले गए। मंगलवार शाम साढ़े 7 बजे वह अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए चैनपुरा गांव में अपनी ससुराल गया था कि इसी दौरान करीबन रात 8 बजे उसके साले व चाचा ससुर सहित ससुर ने मिलकर हमला कर दिया और उसकी पसलियों पर गंभीर चोटें मारी। इसके बाद वह इलाज के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद दाखिल कर लिया। वहीं इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने इस संबंध में घायल के बयान दर्ज कर इस संबंध में तहकीकात शुरू कर दी है।