टीनू गैंग का साथी रजत सीआईए के चढ़ा हत्थे
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
महम गेट स्थित खरोलिया मेडिकल हाल संचालक पर गोली चलाने के मामले में शामिल गैंगस्टर टीनू के एक और साथी रजत को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
महम गेट स्थित खरोलिया मेडिकल हाल के संचालक से जैन चौक निवासी गैंगस्टर टीनू उर्फ दीपक ने 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती की रकम न दिए जाने पर टीनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 दिसंबर को दिन-दहाड़े खरोलिया मेडिकल हाल पर गोलियां चला दीं। जिसमें एक युवक घायल हो गया। इस मामले में टीनू व उसका साथी दिनेश पहले ही काबू किए जा चुके हैं तो पुलिस की गिरफ्त से बाहर घूम रहे बावड़ी गेट निवासी रजत को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हमले के दौरान वह टीनू के साथ था। टीनू से आगे उसकी ही बाइक चल रही थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले मेें पुलिस की छापे मारी अभी जारी है। एक बाद एक नाम सामने आ रहे है। जिस साफ हो रहा है कि टीनू ने यहां पर अपने साथियों की पूरी टीम बनाई हुई थी।
----
पुलिस द्वारा टीनू के साथ रजत को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने टीनू के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम देने में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस से उक्त आरोपी काफी समय से जुड़ा हुआ था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया।
रवींद्र कुमार, इंचार्ज सीआईए थाना