भिवानी। गांव कलिंगा के सवाई पाना निवासी रिटायर्ड सूबेदार की बड़ी बहू परिवार के चार सदस्यों को जहरीली चाय पिलाकर मंगलवार सुबह हजारों के गहने और 30 हजार की नकदी लेकर फरार हो गई। बेसुध हालत में परिवार के चार सदस्यों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उनको प्राथमिक उपचार दिया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि बयान लेने के बाद बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव कलिंगा निवासी पूर्व सूबेदार 62 वर्षीय रोहताश ने बताया कि उसने अपने दो बेटों कुलदीप और रणजीत की शादी गांव मथरावली जिला हापुड़ यूपी निवासी दो सगी बहनों के साथ वर्ष 2009 में की थी। उसका बड़ा बेटा कुलदीप गांव में ही मजदूरी करता है। छोटा बेटा रणजीत सेना में है। वह लेह लद्दाख में तैनात है। बड़े बेटे कुलदीप की बहू सपना की तीन संतानें योगिता, कुनाल और सबसे छोटी ज्योति है। उनका परिवार गांव में संयुक्त रूप से रह रहा है। पूर्व सूबेदार रोहताश ने बताया कि मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे उनके घर की गैस खत्म हो गई थी। उसकी पत्नी गीता ने अपनी बड़ी बहू सपना को छोटे बेटे की रसोई से चाय बनाने के लिए भेज दिया। जब उनकी बहू चाय बनाकर लाई तो चारों लोगों ने पी। इसके बाद उन लोगों को बेहोशी छाने लगी। जब उन्हें होश आया तो वे अस्पताल में थे। रोहताश ने बताया कि उनका भतीजा पवन उनके घर आया तो वे लोग बेहोशी की हालत में थे। उसी की मदद से वे अस्पताल तक पहुंचे। रोहताश का आरोप है कि उनकी बड़ी बहू सपना ने उसे और उसकी 60 वर्षीय पत्नी गीता, 29 वर्षीय बेटा रंजीत के साथ कुलदीप की छोटी बेटी ज्योति को जहरीली चाय पिला दी। उल्टियां आने के बाद उन पर बेहोशी छाने लगी। रोहताश का आरोप है कि नशीली चाय पिलाने के बाद से ही उनकी बड़ी बहू सपना गायब है। उनके घर से लाखों रुपयों के गहने और 30 हजार की नकदी भी चोरी हुई है। रोहताश का यह भी आरोप है कि दीपावली से अगले दिन भी उनके घर में लाखों रुपयों के गहने चोरी हुए थे। इसका शक भी उन्होंने बड़ी बहू पर ही जाहिर किया है। फिलहाल प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद सभी की हालत में चिकित्सकों ने सुधार बताया है। मामले में खरक चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत आई है। पीड़ितों के बयान लेकर बहू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
---------