अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। कोंट रोड नंद गार्डन के समीप बंद मकान के ताले चटकाकर चोर हजारों रुपयों की नगदी और गहनों चुरा ले गए। चोरी की वारदात का पता 26 मार्च को लगा, जब परिवार वापस घर लौटा।
महेंद्रगढ़ जिला के गांव पोता निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले पांच सालों से कोंट रोड पर एक किराये के मकान में रह रहा है। सुनील ने बताया कि गत 21 मार्च को वह अपनी पत्नी कृष्णा के साथ अपने गांव चला गया था। जब वह 26 मार्च को वापस घर लौटा तो मकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उसने बताया कि चोर मकान की दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरे के दरवाजे पर लगा ताला भी तोड़ डाला। चोर उसके मकान से दस हजार रुपये की नगदी, गैस सिलिंडर और चूल्हा, सोने की बाली व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बंद मकान के अंदर चोरी की वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और सुनील के बयान लेकर चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।