अमर उजाला ब्यूरो
लोहारू। गांव फरटिया भीमा से रात को निकले युवा किसान का शव सुबह रेवाड़ी-सादुलपुर रेलवे ट्रैक पर सोहांसडा के नजदीक रेलवे सीमा में एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। तलाश करते हुए मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और जीआरपी को सूचना दी। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव फरटिया भीमा निवासी किसान रविंद्र (27) वीरवार देर रात को घर से बिना बताए निकल गया। सुबह जब वह घर पर नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हे सूचना मिली कि रेवाड़ी-सादुलपुर रेलवे ट्रैक पर सोहांसडा के नजदीक रेलवे सीमा में पेड़ से एक युवक का शव फंदे से लटक रहा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव रविंद्र का ही था। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रेलवे जीआरपी इंचार्ज सतपाल सिंह ने बताया कि रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक रेलवे सीमा में पेड़ से लटका हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजन वहां पर मौजूद थे। परिजनों का कहना था कि उसका फोन बंद आ रहा था। मौके पर एक राजस्थान नम्बर की बाइक भी मिली है। जिसे कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने अभी किसी भी प्रकार का कोई बयान देने से इंकार कर दिया है। फिलहाल परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। परिजन बाद में जो बयान देंगे, आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।