दो गुटों में झगड़े के बाद अस्पताल में हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा
भिवानी। डोभी तालाब पीर बाबा मंदिर के बाहर युवकों के दो गुटों में जबरदस्त घमासान हुआ। एक युवक को पीटने के बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। बाद में इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे तो वहां भी दोनों पक्ष भिड़ने को आमादा हो गए। सिटी पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग-अलग किया और हुड़दंगियों को खदेड़ने के लिए हलका बल प्रयोग भी किया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश चली आ रही है।
शुक्रवार को पीर बाबा मंदिर के पास लाठी-डंडों से लैस 15-20 युवक पहुंचे और वहां मौजूद एक युवक को घेरकर पीटने लगे। यह देख युवक के साथी और डोभी तालाब मोहल्ले के लोग भी हमलावरों से भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले। करीब आधे घंटे तक चले घमासान के बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस झगड़े में छह लोग घायल हो गए। घायल इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे तो यहां भी दोनों पक्षों के लोग पहुंच गए। युवकों के बढ़ते जमावड़े की वजह से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दोनों पक्षों में यहां भिड़ंत होती, इससे पहले सिटी पुलिस एसएचओ श्रीभगवान दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। एसएचओ ने पहले दोनों पक्षों को समझाया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर हुड़दंगियों को अस्पताल परिसर से खदेड़ दिया। झगड़े में घायल शक्ति, भोलू व शेर सिंह को इलाज के लिए इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घायल सभी दिनोद गेट क्षेत्र के रहने वाले हैं।
सिटी एसएचओ श्रीभगवान ने बताया कि पुलिस ने पीर बाबा मंदिर के सामने हुए झगड़े और अस्पताल में हुड़दंग व मारपीट के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। दोनों मामले में 45-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।