सड़क पर पड़े बिजली के तार में उलझ कर दो घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बहल। सोरड़ा गांव जा रहे पुजारी समेत दो लोग बिजली के तार में उलझकर बाइक समेत सड़क पर गिर गए। यह तार शुक्रवार रात को आई तेज बारिश और अंधड़ में सोरड़ा कदीम गांव के पास समीप टूट कर सड़क पर गिर गया था। इनमें से एक घायल को गंभीर चोटें आई जिसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया।
शुक्रवार रात को आई तेज बारिश और आंधी की वजह से कई जगह पेड़ और बिजली के तार टूट गए। एक तार सोरड़ा गांव के समीप सड़क पर आ गिरा। सुबह सोरड़ा गांव में जा रहे राम मंदिर के पुजारी कुंदन और दीपक की बाइक इस तार में उलझ कर गिर गई। हादसे में बाइक सवार पुजारी कुंदन और दीपक घायल हो गए। बाद में ग्रामीणों ने उनका बहल के निजी अस्पताल में ले उपचार कराया। ग्रामीणों ने बताया कि जो तार पोल से टूटकर गिरा, उसमें करंट नहीं था, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।