चालान के डर से कार दौड़ाई तो दूसरी कार से टकराई, हंगामा, लगा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने कार चालक को रोकने का इशारा किया तो चालान कटने के डर से चालक ने कार दौड़ा दी। कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही एक अन्य कार से जा टकराई, जिससे दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस पर दोनों कार चालकों में हंगामा हो गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने भागने वाले कार चालक का चालान किया। वहीं दूसरे कार चालक ने नुकसान की भरपाई की मांग की। करीब आधे घंटे तक हांसी गेट चौक पर हंगामा हुआ और सड़क पर भीड़ के कारण जाम लग गया। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने सभी को हटाकर रास्ता खुलवाया।
मामला सोमवार दोपहर करीब पौने एक बजे का है। ट्रैफिक पुलिस हांसी गेट चौक पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चौक की ओर से आई गाड़ी को ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने रोकने का इशारा किया। मगर चालान से बचने के लिए चालक ने गाड़ी दौड़ा दी। इसी दौरान अशोका रोड से आई कार से टक्कर हो गई। इसके बाद वहां पर हंगामा हो गया और दोनों कार चालकों में तीखी नोंकझोंक हुई। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस भी वहां पहुंच गई और भागने वाले चालक का चालान किया। इस दौरान जाम लग गया। जाम के कारण अशोका रोड, हांसी मार्ग, पटेल नगर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में ट्रैफिक पुलिस ने झगड़ा कर रहे कार चालकों को साइड में कर रास्ता खुलवाया।
---
पुलिस रांग साइड में गाड़ियां रुकवा कर चालान कर रही है
एक गाड़ी चालक के साथ आई महिला ने भी आरोप लगाया कि पुलिस रांग साइड से गाड़ियां रुकवाकर चालान काट रही हैं, जिससे की हादसा होने की अधिक संभावनाएं भी बनी रहती हैं और उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है।
--
पांच जगह जांच अभियान कर काटे जा रहे चालान
ट्रैफिक पुलिस की ओर से शहर के घंटाघर चौक, हांसी गेट चौक, रोहतक गेट चौक, महम गेट चौक, अनाजमंडी के पास, दादरी गेट के पास जांच अभियान चलाकर ट्रैफिक नियम तोडने वालों के चालान किए जा रहे है। इसके अलावा एसएचओ इंस्पेक्टर प्रेम सिंह भी शहर में राउंड ले रहे है और कहीं भी नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर रहे है।
---
कार चालक ने अचानक कार दौड़ाई तो दूसरी कार से एक्सीडेंट हुआ। उसका चालान कर दिया गया है। दोनों में बहस के कारण जाम लगा था मगर कर्मचारियों ने उसे जल्द ही खुलवा दिया था।
- प्रेम सिंह, इंचार्ज, ट्रैफिक पुलिस