गायों को ट्रक में भरने पर हुआ विवाद, एक गोसेवक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
बहल। गरवा गांव में गायों को ले जाने से रोकने पर हुई हाथापाई में एक गोसेवक घायल हो गया। घायल युवक का आरोप है कि उसने संदेह के आधार पर केवल गायों को ट्रक में भरने की वजह पूछी थी। इसी पर आरोपियों ने उस पर लाठियां बरसा दीं। गोसवक को भिवानी नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
गरवा गांव में ग्रामीणों ने लावारिस पशुओं के पशु चारे एवं उनको रखने के लिए पशु अस्पताल में व्यवस्था की है। रविवार रात को गोसेवकों को पता चला कि कुछ लोग गायों को ट्रक में भर रहे हैं। इस पर गांव के विकास, कुलदीप, अनिल, विक्रम सहित अन्य युवक मौके पर पहुंचे। घायल विकास ने बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो गांव के कुछ लोग वहां पर गायों को ट्रक में डाल रहे थे। उनके साथ कुछ बाहरी लोग भी थे। जो दूसरे प्रदेश की भाषा बोल रहे थे। इस पर उन्होंने गायों को ले जाने का कारण पूछा तो वे बिफर पड़े। आरोप है कि उक्त लोगों ने लाठियों से उन पर हमला कर दिया।
वहां से अन्य लोग तो बचकर भाग गए पर एक गोसेवक विकास की आरोपियों ने पिटाई कर डाली और ट्रक को लेकर मौके से चले गए। सूचना मिलने पर सिवानी पुलिस मौके पर पहुंची तथा मामले की जानकारी ली। वहीं, घायल विकास को भिवानी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है जहां वह उपचाराधीन है। वहीं, पुलिस थाना के अधिकारियों ने बताया कि सूचना पर पुलिस गरवा गई थी, लेकिन उस समय उनको वहां पर कोई ट्रक नहीं मिला। पुलिस घायल के बयान पर आगे की कार्रवाई करेगी।
फोटो 10