भिवानी। कस्बा बवानीखेड़ा के वार्ड नंबर 12 में मकान के सामने कुत्ते द्वारा गंदगी फैलाने के विवाद को लेकर सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड नंबर 12 निवासी राधेश्याम ने बताया कि वह सरकारी विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है। गत दिवस अल सुबह वह अपने मकान के अंदर सो रहा था कि इसी दौरान उसी के घर के सामने रह रहे उसके भाई ने उसके मकान में घुसकर उसके साथ गाली-गलौज की। उसने आरोप लगाया कि उनके मकान के आगे उाके कुत्ते ने गंदगी फैला दी। इस पर जब गाली-गलौच करने से मना किया तो उसके सिर में डंडे से वार कर उसे जख्मी कर दिया। इसी दौरान उसकी पत्नी दयावंती ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया और फिर उसे लेकर जिला सामान्य अस्पताल पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।