अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। एक ट्रक चालक को अगवा कर उसे खेतों में बने कमरे के अंदर ले जाकर नंगा कर पिटाई कर वीडियो बनाने के मामले में सदर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में हमीरवास राजस्थान निवासी प्रदीप ने बताया कि वह पलक कंटेनर सर्विस में ट्रक ड्राइवर लगा हुआ है। गत 15 फरवरी को लुधियाना से ट्रक मेें माल भरकर बैंगलोर जा रहा था। देर रात साढ़े 11 बजे वह गांव जताई में अपने रिश्तेदार के यहां पहुंचा और उसने अपना ट्रक गांव के स्कूल के समीप खड़ा कर दिया। वहां कार पहले से ही खड़ी थी। जिसमें शराब के नशे में तीन युवक थे। इन लोगों ने उसे व भीम नाम व्यक्ति को जबरन अपनी गाड़ी में डाल अपहरण कर लिया। गांव के बाहर बने एक कमरे में ले गए, जहां उसके कपड़े उतरवा दिए और डंडों व सरियों से उसकी पिटाई की गई। इस दौरान उसकी पिटाई का वीडियो भी बनाया गया। आरोपी उन्हें वहीं छोड़कर वापस ट्रक के पास पहुंचे और ट्रक के अंदर रखी 79 हजार रुपये की नगदी व अन्य सामान लेकर चले गए। वह किसी तरह छूटकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस ने भीम की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।