दो पक्षों में झगड़ा, ट्रैक्टर से कुचलने का प्रयास
तोशाम। गांव सुंगरपुर में सोमवार देर शाम दो पक्षों में जमकर घमासान हुआ। एक पक्ष ने सरपंच व उसके साथियों पर ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप लगाया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो व्यक्ति घायल हो गए। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, सरपंच ने दूसरे पक्ष पर अवैध कब्जे हटवाने की रंजिश के चलते मारपीट का आरोप लगाया। सरपंच समेत तीन लोग अस्पताल में भर्ती हुए हैं।
बिजलानावास स्कूल में गेस्ट टीचर जितेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने भतीजे जोगेंद्र के साथ बस स्टैंड के नजदीक बनी डिग्गी के गेट पर खड़े हुए थे। इसी दौरान सरपंच उमेद सिंह व उसके साथी कार, बाइक व ट्रैक्टर पर सवार होकर आए। सभी हाथ में लाठी-डंडे लिए हुए थे। इसी दौरान सरपंच उमेद ने कार दोनों के ऊपर चढ़ानी चाही लेकिन साइड में कूदकर बच गए। इसी समय एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर ऊपर चढ़ाने लगा तो भतीजा जोगेंद्र कूद कर साइड में हो गया। वहीं मौके पर हमला करने आए अन्य लोगों ने उसे व उसके भतीजे को लाठी-डंडों से काफी चोट पहुंचाई।
जितेंद्र ने बताया कि गत 19 मई को भतीजे स्वर्ण की घुड़चढ़ी में इन लोगों ने गाली-गलौच किया था जिसमें झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश के चलते यह जानलेवा हमला किया गया है। थाना प्रभारी सुखबीर जाखड़ ने बताया कि जितेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने सरपंच उमेद सिंह, दीपक, कंवरपाल, अशोक, राजेंद्र, सोनू, बृजपाल व महेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
--
सरपंच ने लगाया मारपीट का आरोप
सरपंच उमेद सिंह ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने अवैध कब्जे किए हुए थे। अवैध कब्जे छुड़वा दिए जाने की रंजिश वजह इन्होंने हमला किया है। सरपंच ने आरोप लगाया कि वह तोशाम से गांव गया तो बस अड्डे पर ये लोग लाठी-डंडे, तलवार लिए इंतजार कर रहे थे। ये लोग गाड़ी के आगे खड़े हो गए। इस बीच, उमेद व दो अन्य इलाज के लिए अस्पताल में उपचाराधीन हुए।
--