अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। तोशाम बाईपास मार्ग के गड्ढे जानलेवा हो गए हैं। मंगलवार दोपहर गड्ढों के कारण ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा और उसकी चपेट में बाइक सवार युवक और उसकी मां आ गई। हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। पुलिस ने सूचना के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हादसा मंगलवार दोपहर करीबन पौने 2 बजे तोशाम बाईपास गरीमा गार्डन के समीप हुआ। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रही थी। सड़क पर बड़े-बड़े बने हैं। गड्ढे और लोड के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ा और पीछे आ गई। ट्रॉली के पीछे बाइक सवार गोविंदपुरा गांव निवासी संदीप अपनी 50 वर्षीय मां गीता देवी को लेकर अस्पताल जा रहा था। लोगों ने शोर भी मचाया मगर ट्राली का संतुलन नहीं बना और महिला उसके नीचे कुचली गई। बाइक गिर गई। गंभीर हालत में महिला को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई और खस्ताहाल तोशाम बाईपास सड़क के लिए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। पुलिस के जांच अधिकारी धर्मबीर ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर जिला सामान्य अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया वहीं बेटे संदीप के बयान दर्ज कर इस संबंध में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी।
2014 में तोड़ी थी सीवरेज लाइन के लिए सीसी सड़क
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर सेतोशाम बाईपास सड़क को तोड़कर डाबर कॉलोनी व आसपास के इलाके में नई सीवरेज लाइन बिछाई गई थी। इसके बाद फिर इस सड़क की मरम्मत नहीं की गई। इसके चलते तोशाम बाईपास की हालत लगातार खराब होती चली गई। डाबर कॉलोनी निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट शिव कुमार प्रजापति ने बताया कि इस सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती गई थी। इसके बाद नई सीवरेज लाइन डालने के दौरान के बाद भी सडक़ की मरम्मत नहीं की गई। अब इस सडक़ में ढाई से तीन फुट गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं, जबकि रोजाना ही यहां हिमाचल, पंजाब, मुंबई और महाराष्ट्र तक जाने वाले माल ढुलाई भारी वाहन गुजरते हैं।
खस्ताहाल सड़क को लेकर भी जता चुके हैं रोष
शिवकुमार प्रजापति सहित इलाके के लोगों का कहना है कि खस्ताहाल तोशाम बाईपास सड़क की हालत को लेकर पांच बार रोष प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बाद निवर्तमान उपायुक्त डॉ सांकेत कुमार ने खस्ताहाल सड़क का भी निरीक्षण किया था, लेकिन इसके बाद भी हालात नहीं सुधरे। सीएम से लेकर विधायक और सांसद को भी शिकायत दी गई। मगर भिवानी की लाइफलाइन कहलाने वाली तोशाम बाईपास सड़क के हालात फिर भी नहीं सुधरे।
दो विभागों के बीच फंसा रहा सड़क का निर्माण
तोशाम बाईपास सड़क का करीबन साढ़े चार किलोमीटर सड़क का हिस्सा हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड के पास था जबकि साढ़े पांच किलोमीटर सड़क का हिस्सा लोक निर्माण के पास था। कई वर्षों तक तो दो विभागों के बीच खस्ताहाल सड़क का मामला फंसा रहा। अब पूरा तोशाम बाईपास लोक निर्माण विभाग को ही सुपुर्द कर दिया और इस सड़क के निर्माण के लिए बजट भी जारी कर दिया गया, मगर काम शुरू नहीं होने से खस्ताहाल सड़क हादसों का सबब बनी है।