फायरिंग के 24 घंटे बाद भी पुलिस की पांच टीमों के हाथ खाली
भिवानी। खरोलिया मेडिकल हॉल पर फायरिंग की घटना को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस की पांच टीमों के हाथ खाली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए दवा विक्रेता के घर पुलिसकर्मी तैनात हैं और दुकान के बाहर दिनभर पीसीआर मौजूद रही। वहीं बदमाशों की गोली का शिकार हुए 14 साल के बच्चे का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं शक के आधार पर एसपी ने बंटी हत्याकांड के आरोपी मोस्ट वांटेड बदमाश टीनू के सिर पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने बताया कि फायरिंग मामले में टीनू के शामिल होने के पुख्ता सुबूत अभी नहीं मिले हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर के अति व्यस्त महम चौक पर बुधवार शाम दो नकाबपोश बदमाशों ने खरोलिया मेडिकल हॉल के संचालक को निशाना बनाकर गोली चलाई थी, लेकिन गोली दवा लेने आए 14 साल के बच्च के पेट में लग गई थी। बदमाशों ने दुकानदार से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पीड़ित दुकानदार प्रवीण खरोलिया ने बताया कि तीन दिन पहले बदमाशों ने 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और बुधवार को दुकान पर गोली चला दी। प्रवीण ने बताया कि वह सुरक्षा को लेकर अन्य लोगों के साथ एसपी से मिला। एसपी ने उसे सुरक्षा देने और दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
बाद में एसपी सुरेंद्र भौरिया ने बताया कि फायरिंग मामले में दो मामले दर्ज किए गए हैं और एसआईटी गठित कर जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि मोस्ट वांटेड और अध्यापक बंटी हत्याकांड में वांछित टीनू के बारे में सूचना देने वाले को पुलिस महकमा दो लाख रुपये इनाम देगा। अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि टीनू का फायरिंग मामले में हाथ है। उन्होंने बताया कि दवा विक्रेता के घर व दुकान पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।
बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी से मिले व्यापारी
व्यापारियों ने विधायक घनश्याम सर्राफ के साथ एसपी से मुलाकात कर फायरिंग और रंगदारी मांगने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। एसपी ने बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। नगर व्यापार मंडल के प्रधान भानुप्रकाश ने कहा कि दिनदहाड़े इस प्रकार की घटना से दुकानदारों व व्यापारियों में भय का माहौल है। एसपी से मिलने वालों में विधायक घनश्यामदास सर्राफ, नगर परिषद चेयरमैन रणसिंह यादव, नगर व्यापार मंडल के प्रधान भानुप्रकाश, वाइस चेयरमैन मामनचंद, गिगराज जैन, देवराज महता, राजकुमार यादव, गिरधारीलाल, गुलशन कुमार, रितेष मित्तल, पार्षद हर्षदीप डूडेजा, तुलसीराम मित्तल, प्रवीण चावला, विजय बंसल, मनोज दिनोदिया, प्रवीण खरोलिया, राजू खरोलिया, सुनील सरदाना, मनोज, गुलशन ग्रोवर, सुभाष असीजा, अशोक गुप्ता, प्रदीप कोकड़ा समेत भिवानी मेडिकल एसोसिएशन के सदस्य शामिल थे।
--
पांच टीम, फिर भी हाथ खाली
बुधवार को हुई फायरिंग मामले में सीआईए, सिविल लाइन थाना और सिटी थाना पुलिस के अलावा दो टीम दो डीएसपी की अगुवाई में काम कर रही हैं। इतना भारी भरकम अमला लगाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। डीएसपी जगत सिंह मोर ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में मिले फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है। लेकिन, दिक्कत यह है कि फुटेज की क्वालिटी कमजोर है।
--
राहुल आईसीयू में भर्ती
फायरिंग में घायल राहुल को बुधवार रात को जिला अस्पताल में उपचार के बाद गुरुग्राम के निजी अस्पताल मेदांता में भर्ती कराया गया। राहुल के चाचा संदीप ने बताया कि रिकवरी हो रही है, लेकिन अभी भी वह आईसीयू में है।
--
मेडिकल स्टोर पर गोली चलाने वालों को शीघ्र किया जाए गिरफ्तार : का. ओम प्रकाश
भिवानी। महम रोड स्थित मेडिकल स्टोर पर अज्ञात लोगों द्वारा गोली चलाने व एक छात्र के घायल होने की घटना की जन संघर्ष समिति भिवानी ने इसकी कड़ी निंदा की है तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है। समिति के संयोजक ओम प्रकाश व सज्जन कुमार सिंगला ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस प्रशासन फोन पर फिरौती मांगने के बाद हरकत में आती तथा स्टोर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी जाती तो अपराधियों को पकड़ा जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से सरकारी खर्चें पर बच्चे का इलाज कराने की मांग की है। साथ ही प्रशासन को आगाह किया कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समिति शहर में आंदोलन चलाने पर मजबूर होगी। शहर के पूर्व पार्षद शशी भूषण, भारद्वाज व सामाजिक कार्यकर्ता का. रवि खन्ना ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है।