अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। मुंढाल गांव के पास इंटरसेप्टर गाड़ी में तैनात एसपीओ (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) ने एक कार चालक को रोकने का इशारा किया तो चालक गाड़ी को दौड़ाते हुए एसपीओ को टक्कर मार दी। साथी पुलिस कर्मचारी उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने एसपीओ की शिकायत पर कार चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में राजगढ़ वासी रामअवतार ने बताया कि वह पुलिस में एसपीओ के पद पर कार्यरत है ओर फिलहाल उसकी ड्यूटी इंटरसेप्टर गाड़ी पर लगी है। 16 मार्च की दोपहर करीब डेढ़ बजे वह एसआई तेजवीर, ईएएसआई अशोक इंचार्ज, चालक ईएचसी सतेंद्र के साथ मुंढाल से महम रोड एक होटल के नजदीक ड्यूटी पर था। इसी दौरान एक ईएचसी सतेंद्र ने एक गाड़ी को रूकने का इशारा किया। वह इंटर सेप्टर गाड़ी के पीछे की तरफ था। गाड़ी चालक ने वहां गाड़ी नहीं रोकी और भगाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह आगे आया और गाड़ी चालक को गाड़ी रोकने के लिए कहा। गाड़ी चालक ने रोकने की बजाए तेज दौड़ाते हुए उसे टक्कर मारी। जिससे वह दूर जा गिरा। इसके बाद आरोपी गाड़ी समेत वहां से भाग निकला। उसके चेहरे, हाथ-पांव पर चोट आई। साथी पुलिस कर्मी उसे उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिवानी लेकर पहुंचे। जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले में जांच अधिकारी एचसी नरेश पंघाल ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है। कार का नंबर पता लगा है। जिसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है।