तोशाम। बिजली निगम के एक असिस्टेंट ने निगम को भी 9.45 करोड़ रुपये की चपत लगाई है। असिस्टेंट पर खातों के रख-रखाव की जिम्मेवारी थी। ऐसे में उन्होंने किसी के खाते में डाले और किसी में नहीं डाले। अब ऑडिट हुई तो धोखाधड़ी पकड़ी गई। एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने असिस्टेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम तोशाम के एसडीओ की शिकायत पर पुलिस ने सहायक क्षेत्र राजपाल के खिलाफ धोखाधड़ी करने सहित विभिन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बिजली निगम के एक्सईएन रविंद्र घणघस ने बताया कि असिस्टेंट फील्ड राजपाल तोशाम सहायक फील्ड के रूप में काम करते हुए वह खाते के रखरखाव के लिए जिम्मेदार था। आडिट के दौरान वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं। राजपाल ने किसी ग्राहक से पैसे बिल के द्वारा लिए तो किसी के खाते में नहीं डाले। जिसके कारण विभाग को नुकसान हुआ। एक्सईएन रविंद्र घणघस ने बताया कि विभाग के उच्चाधिकारियों के आदेश पर राजपाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है और राजपाल को निलंबित पहले ही कर दिया गया है। इस बारे में थाना प्रभारी चंद्रभान ने बताया की एसडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में छानबीन की जा रही है।