चार राशन डिपो की 20 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
राशन वितरण प्रणाली में अनियमितता पाए जाने पर जिले में फरवरी के दौरान चार राशन डिपो धारकों की 20 हजार रुपये की प्रतिभूति राशि जब्त की गई है और तीन डिपो धारकों की राशन सप्लाई रद्द कर दी गई।
उपायुक्त अंशज सिंह ने बताया कि खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को आवश्यक वस्तुओं का वितरण समय पर व मिलावट रहित करना सुनिश्चित करने के लिए राशन की सरकारी दुकानों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अनियमितताओं में संलिप्त पाए जाने पर विभाग डिपो धारकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में ला रहा है। उन्होंने बताया कि बीते माह निरीक्षण के दौरान सात डिपो में अनियमितता पाई गई, जिसके आधार पर चार डिपो धारकों की प्रतिभूति 20 हजार रुपये की राशि जब्त की गई और तीन राशन डिपो की राशन सप्लाई को रद्द कर दिया।