भिवानी। डिफेंस कॉलोनी स्थित एक कंपनी के कार्यालय में कार में सवार होकर निरीक्षण करने के बहाने आए चार व्यक्तियों ने पर्स व अन्य सामान चोरी कर लिया। चोरी की यह वारदात ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सदर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में गोहियां जींद निवासी संजय ने बताया कि वह एक कंपनी में बतौर सुपरवाइजर लगा हुआ है। उसका कार्यालय हुन्नामल प्याऊ के सामने डिफेंस कॉलोनी गली नंबर छह में है। गत 29 जून की शाम चार बजे स्वीफ्ट गाड़ी में चार युवक निरीक्षण के लिए पहुंचे। कार्यालय देखने के बहाने दो युवक तो नीचे उनके पास बैठ गए, जबकि दो युवक आफिस के ऊपरी हिस्से में चले गए। करीबन पौना घंटा तक वे दोनों ऊपरी हिस्से में रहे। उनके चले जाने के बाद जब उसने ऊपर पहुंचकर देखा तो उसके कपड़ों से पर्स चोरी किया हुआ था, जबकि अन्य सामान भी गायब मिला। उसने बताया कि पर्स के अंदर करीब 16 हजार रुपये थे। उसने कार्यालय के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो चोरी की वारदात का पता लगा। दोनों युवक ही कपड़ों से पर्स व अन्य सामान चोरी करते हुए दिखाई दिए। जिसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी गई। सदर पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।