भिवानी। गांव देवसर के समीप सड़क पार करते समय फेरी लगाकर सामान बिक्री करने वाले बुजुर्ग की बाइक से टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि इस हादसे में बाइक चालक और उसकी दो बेटियां भी घायल हो गई। घायलों को उपचार के लिए इमरजेंसी में भर्ती करवाया गया।
एमसी कॉलोनी मोड क्षेत्र निवासी 80 वर्षीय खुट्टा लोहार का काम करता था और फेरी लगाकर सामान बिक्री करता था। सोमवार सुबह वह गांव माजरा देवसर में गया हुआ था। इसी दौरान जब वह दोपहर को सामान बिक्री कर वापस लौट रहा था तो सड़क पार करते समय बाइक ने उसे टक्कर मारी। इसके बाद बाइक का भी संतुलन बिगड़ गया और बाइक पर सवार व्यक्ति और दो लड़कियां भी गिर गई। सभी को उपचार के लिए भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने बुजुर्ग खुट्टा को मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक चालक जयसिंह व उसकी बेटी नीशु और मंजू को गंभीर चोटों के चलते भर्ती किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और बुजुर्ग के शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया वहीं मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी।