भिवानी। प्रेमिका से शादी नहीं हुई तो युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक ने एक सुसाइड नोट भी लिखा। जिसमें युवती के भाई और उसके पति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए। जिसके बाद पुलिस ने दो के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।
मामला शनिवार देर रात का है। रात करीब 02:40 पर जीआरपी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि भिवानी-मानहेरू रेलवे ट्रैक के बीच आजाद नगर के पास एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जहां मृतक की पहचान आजाद नगर वासी 30 वर्षीय सुनील के रूप में हुई। उसके परिजन भी सूचना पर वहां पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। सुनील की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला। जिसमें उसने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था और उसके घर वालों ने उसकी शादी कहीं और कर दी। युवती की 25 जून को ही शादी हुई है। मृतक ने सुसाइड नोट में युवती के भाई और उसके पति पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए। मृतक सुनील अपने पिता के साथ ही ज्वैलरी शॉप पर हाथ बंटाता था। मामले में जीआरपी चौकी पुलिस ने मृतक के भाई प्रवीण की शिकायत पर दो के खिलाफ केस दर्ज किया है। जीआरपी चौकी इंचार्ज एसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक के भाई और सुसाइड नोट के आधार पर दिनेश और अनिल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। युवक किसी युवती से प्रेम करता था और युवती की शादी अब कहीं और हो गई है। जिस कारण उसने यह कदम उठाया। मामले की जांच की जाएगी कि इसमें किसकी क्या भूमिका है।