भिवानी। पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर उसे डेढ़ साल की बच्ची के साथ घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित महिला ने अपने मायके पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद चोटों का इलाज कराने के लिए परिजनों ने विवाहिता को भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं मामले की शिकायत पुलिस को भी दी गई है।
गांव मानहेरू निवासी जयपाल ने बताया कि गांव मानहेरू निवासी उसकी भांजी 24 वर्षीय रेणु की शादी लाडौदा राजस्थान निवासी राकेश के साथ करीबन चार साल पहले की थी। शादी के बाद उसकी भांजी को डेढ़ साल की एक बेटी है। उसका पति कोई काम नहीं करता और शराब पीकर अक्सर रेणु के साथ मारपीट करता है। कई बार आपसी सुलह कर बेटी को ससुराल में ठीकठाक रखने की मानमनोवल की गई, मगर पिछले एक माह के दौरान उसके साथ तीन से चार बार मारपीट की गई। रेणु का आरोप है कि उसके पति ने उसके साथ गत दो जून को मारपीट की और फिर उसे अपने परिजनों के पास फोन पर भी बात नहीं करने दी। इसके बाद आरोपी पति ने उसे घर से अपनी बच्ची के साथ बाहर निकाल दिया। बीती शाम रेणु राजस्थान से अपने मायके ढाणीमाहू में पहुंची, जहां से परिजनों ने उसे शुक्रवार सुबह भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में दाखिल कराया। वहीं मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।