भिवानी। भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर गांव मिल्कपुर के समीप घोड़ी बग्गी को सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बग्गी के अंदर जुड़ी एक घोड़ी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी घोड़ी जख्मी हो गई। बग्गी के अंदर सवार एक युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को उपचार के लिए हांसी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बवानीखेड़ा पुलिस ने बग्गी मालिक की शिकायत पर पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में जींद के कृष्णा कॉलोनी निवासी सतबीर ने बताया कि वह शादियों में घोड़ी बग्गी का काम करता है। 31 मई की सुबह तीन बजे वह अपनी बग्गी लेकर जाटुलुहारी से हांसी जा रहा था। उसके साथ हेमंत, गोविंद और सोनू नामक युवक भी बग्गी के अंदर सवार थे। करीबन चार बजे जब वे गांव मिलकपुर के समीप पेट्रोप पंप के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बग्गी को सीधी टक्कर मार दी। इस हादसे में बग्गी के अंदर लगी एक घोड़ी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी घोड़ी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पड़ताल करने पर गाड़ी का चालक अहमदपुर मानसा पंजाब का बताया जा रहा है। वहीं पुलिस ने इस संबंध में नामजद चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चालाने का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।