भिवानी। लोहारू-सिवानी मार्ग पर गांव मनफरा के पास तेज रफ्तार जाइलो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दूल्हे के तीन दोस्तों की मौत हो गई जबकि तीन घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर है और उसे इमरजेंसी में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर हादसा करने का केस दर्ज किया है।
हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। जिले के गांव गोपालवास वासी ओमप्रकाश के लड़के नरेश की वीरवार को शादी थी। नरेश की बारात गांव गोपालवास से लोहारू क्षेत्र के गांव खरकड़ी में बीती शाम गई हुई थी। नरेश की शादी होने के बाद जब देर रात को बारात वापस लौट रही थी तो दूल्हे की बुआ का लड़का सतीश जायलो कार चला रहा था। जिसमें दूल्हे के तीन दोस्तों सहित अन्य रिश्तेदार भी सवार थे। देर रात करीबन साढ़े 12 बजे जैसे ही बारात की गाड़ी सिवानी-लोहारू मार्ग पर गांव मनफरा के समीप पहुंची तो अचानक पलट गई। गाड़ी में सात लोग सवार थे। हादसे में गाड़ी में सवार दूल्हे के दोस्त मंढोलीकलां निवासी 22 वर्षीय नवीन कुमार, गोपालवास निवासी 21 वर्षीय रवींद्र की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से जख्मी हुए श्रवण कुमार, 18 वर्षीय कुलदीप व कासनी कलां वासी धन सिहं को हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान राजस्थान के त्रिफाली गांव निवासी कुलदीप की भी मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल खावा निवासी सतीश युवक को भिवानी जिला सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालातों का जायजा लिया। मृतक नवीन और रवींद्र के शव का भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जबकि मृतक कुलदीप के शव का हिसार में ही पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने मामले में हादसाग्रस्त हुई जाइलो कार के चालक पर ही केस दर्ज किया है। पीछे चल रही बारातियों की एक अन्य कार में सवार एक परिजन गोपालवास वासी सुनील की शिकायत पर चालक मंढोलीकला वासी सतीश पर केस दर्ज किया है। सुनील ने बताया कि जाइलो कार उनकी गाड़ी से आगे चल रही थी और चालक बहुत तेज रफ्तार से कार चला रहा था। जिस कारण यह हादसा हुआ। लोहारू थाना के जांच अधिकारी मुख्य सिपाही देवेंद्र ने बताया कि किसी वाहन की साइड नहीं लगी। कार की रफ्तार तेज होने से हादसा हुआ है। ये बयान हादसा होने वाली कार के पीछे चल रही बारात की दूसरी गाड़ी में सवार गोपालवास वासी सुनील की शिकायत पर मंढोली कला वासी जाइलो चालक मंढोली कला वासी सतीश के खिलाफ केस दर्ज किया है। शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
परिजन बताते रहे तूड़े भरी गाड़ी की साइड लगने से हुआ हादसा
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे मृतकों के परिजनों ने अस्पताल में पुलिस और सभी को बताया कि तूडे से भरे अज्ञात वाहन ने गाड़ी को साइड मारी। जिससे यह हादसा हुआ।