अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
घोषियान चौक पर एक युवक का शव घर में फंदे पर लटकता मिला। मृतक अपनी बहन के घर आया हुआ था। पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मामला वीरवार देर रात का है। दादरी के बस स्टैंड के पास मथुरी चौक निवासी करीब 32 वर्षीय युवक राजीव अपनी बहन के घर घोषियान चौक भिवानी आया हुआ था। वीरवार देर रात उसने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगा लिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि राजीव की मानसिक हालत ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। मानसिक परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के पिता वेदप्रकाश के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। मामले में जैन चौक चौकी से जांच अधिकारी राकेश ने बताया कि मृतक की मानसिक हालत ठीक नहीं थी।
पोस्टमार्टम के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार
रात को ही घोषियान चौक क्षेत्र से मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए शव गृृह लाया गया था। उसके बावजूद दोपहर एक बजे के बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ। परिजन घंटों पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल परिसर में इंतजार करते रहे। बताया जाता है कि महिला चिकित्सक की ड्यूटी थी और वह कार्यालय के अन्य कार्यों में व्यस्त रही। इस कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई।