भिवानी। हांसी रोड स्थित सदर पुलिस थाना के सामने क्षेत्रीय हरियाणा खादी भंडार मंडल कार्यालय में मंगलवार दोपहर को लेखाकार ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया। कार्यालय में ही स्टाफ सदस्यों के साथ मारपीट व गाली गलौच की। इतना ही नहीं मंडल सचिव के साथ भी शराब के नशे में अभद्रता की। हंगामा कर रहे लेखाकार को काबू करने के लिए पुलिस भी बुलाई गई। पुलिस उसे लेकर जिला सामान्य अस्पताल पहुंची। जहां मेडिकल कराया गया। मंडल सचिव की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बीटीएम पुलिस के जांच अधिकारी हितेंद्र ने बताया कि क्षेत्रीय हरियाणा खादी भंडार मंडल कार्यालय में लेखाकार के पद पर तैनात रामजीत दोपहर करीबन 12 बजे शराब के नशे में हंगामा कर रहा था, जिसे मंडल सचिव की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया है। कर्मचारी का मेडिकल कराया गया है, इसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया गया है। वहीं नशे की हालत में मंडल कार्यालय में हंगामा करने वाले कर्मचारी रामजीत के संबंध में पूछताछ के बाद पता चला कि वह छुट्टी पर चल रहा था। मगर दोपहर को अचानक ही वह शराब पीकर कार्यालय में पहुंच गया और वहां पर जमकर हंगामा किया।