अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बीटीएम मिल में नौकरी करने वाले 12वीं पास व्यक्ति को नेहरू पार्क में लोगों को सीबीआई इंस्पेक्टर बनकर धमकाते हुए सीआईडी ने पकड़ा है। उसके बाद मामले की शिकायत थाना शहर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर थाने लेकर आई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सीआईडी इंस्पेक्टर आजाद सिंह ढांडा को सूचना मिली कि एक युवक नेहरू पार्क में अपने आपको सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर लोगों को डरा रहा है। वह लोगों से रुपये ऐंठने के चक्कर में है। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर आजाद सिंह ढांडा मौके पर पहुंचे और युवक को धर-दबोचा। पूछताछ करने पर युवक की पहचान सिरसा गोघड़ा निवासी राकेश के रूप में हुई। वहां पर मौजूद दिनोद निवासी संजय, नेहरू पार्क के माली बलवान सिंह ने बताया कि वह यहां पर आने वाले लोगों को तंग कर रहा था। वह अपने आप को सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर उनसे कागजात व आईडी चेक कर रहा था। इसके चलते लोगों में डर बना हुआ था। बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी करीब दो महीने से वहां पर आ रहा है और लोगों को डरा रहा है। पूछताछ में अभी किसी से रुपये ऐंठने की बात सामने नहीं आई है। आरोपी ने बताया कि वह बीटीएम मिल में नौकरी करता है। वह घर जाने के लिए यहां से गुजरता है।
दो महीने से कर रहा था लोगों को तंग
नेहरू पार्क के माली बलवान ने बताया कि आरोपी करीब दो महीने से पार्क में आ रहा है। आरोपी लोगों को सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर डराता रहता है। वहीं, आरोपी शहर के अन्य पार्कों में भी जाकर लोगों को डराता है।
वर्जन
आरोपी राकेश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी का मेडिकल करवाया पाया कि आरोपी ने शराब तो नहीं पी रखी थी। उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-जयसिंह, थाना शहर प्रभारी।