अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। रेप पीड़िता सुसाइड मामले में अब पिता, भाई और रिश्तेदार के अलावा मां और बहन का भी हत्या में शामिल होने का पुलिस ने दावा किया है। शनिवार को कितलाना गांव में पहुंची राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने अपनी टीम के साथ ग्रामीणों से बातचीत की। गांव में पूछताछ के बाद प्रतिभा सुमन ने पुलिस को आरोपी मां और बहन सहित बड़े भाई को भी जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही धरने के दौरान बनी 11 सदस्यीय कमेटी पर भी कार्रवाई करने की बात उन्होंने कही। मामले में गिरफ्तार किए पिता, भाई और रिश्ते में लगने वाले चाचा को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कितलाना में हुए ऑनरकिलिंग मामले में शनिवार को राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन, आयोग सदस्य इंदू यादव टीम के साथ दो बजे भिवानी पहुंची। टीम ने सबसे पहले रेस्ट हाउस में डीएसपी जगतसिंह मोर, महिला थाना प्रभारी नन्ही देवी, साइबर इंचार्ज रमेश कुमार और एसआईएस कुलदीप सिंह से मीटिंग कर मामले की बारीकी से जानकारी ली। उसके बाद आयोग की चेयरपर्सन गांव कितलाना पहुंची और चौपाल में लोगों से पूछताछ की। टीम ने उस कमरे का भी निरीक्षण किया जहां पर युवती को फंदे से लटकाकर मारा गया था। पूछताछ करने के बाद रेस्ट हाउस में पत्रकारों को जानकारी देते हुए प्रतिभा सुमन ने बताया कि गांव में हर सदस्य पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि रंजिशन पड़ोसी को फंसाने और अपनी बदनामी की चिंता में परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर युवती की हत्या की है। उन्होंने पुलिस को निर्देश देते हुए कहा कि मामले में परिवार के किसी भी सदस्य को रियायत नहीं देनी है। मामले में आरोपी मां, बहन और बड़े भाई सहित फरार चल रहे आरोपी अनिल उर्फ बनिया और घीसाराम को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
पुलिस को लताड़ लगाने वाली चेयरपर्सन करती रही पुलिस की सराहना
राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन अक्सर मामलों में पुलिस को लताड़ लगाती रहती हैं। लेकिन शनिवार को कितलाना में हुई ऑनरकिलिंग मामले में भिवानी पहुंची चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने एसपी गंगराम पूनिया द्वारा जनता, सरकार और आला अधिकारियों के इतने ज्यादा दबाव के बाद इतना जल्द मामले की सच्चाई सबके सामने लाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे हरियाणा सरकार और डीजीपी को एसपी और उसकी टीम को सम्मानित करने के लिए पत्र लिखेंगी। इस दौरान उन्होंने मामले का खुलासा करने में सबसे ज्यादा काम करने वाले साइबर इंचार्ज रमेश को सम्मानित करने की बात कही।
सिविल अस्पताल में बनी कमेटी पर फूटा गुस्सा
राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन का गुस्सा सिविल अस्पताल में धरने के दौरान बनी 11 सदस्यीय कमेटी पर फूटा। उन्होंने कहा कि उन्होंने ना केवल एक बेटी का पूरे देश में अपमान किया है बल्कि आरोपी परिवार के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन व सरकार को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वे 11 सदस्यीय कमेटी के खिलाफ हरियाणा सरकार, स्वास्थ्य मंत्री और डीजीपी को सख्त कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखेंगी।