अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। जरूरत पड़ने पर 56 हजार रुपये उधार लिए और जब वापस मांगने लगे तो पति-पत्नी की अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने लगे। मामला सदर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक महिला समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में चांग चौकी क्षेत्र के एक गांव की महिला ने बताया कि गांव मित्ताथल का एक व्यक्ति उसके पति का दोस्त था। इस कारण उसके परिवार का उनके घर आना-जाना था। इसी दोस्ती के चलते उसके पति ने आरोपी को 56 हजार रुपये उधार दे दिए। अब रुपये मांगे तो आरोपी के परिवार के लोगों ने उसके पति को ड्रग्स देकर किसी अन्य महिला के साथ अश्लील वीडियो बना लिया और फोटो खींच लिए। उसके भी चोरी छिपे नहाते हुए वीडियो बना लिया। महिला ने बताया कि अब उन्हें वीडियोे और फोटो वायरल करने की धमकी दी जा रही है। मामले में महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच अधिकारी एएसआई इंद्रावती ने बताया कि महिला की शिकायत पर मित्ताथल वासी धर्मबीर, मनीषा और अनिल के खिलाफ केस दर्ज किया है।