संदीप हत्याकांड : मुख्य आरोपी विनोद पानू और उसके साथी को दो दिन के प्रोडक्शन वारंट पर लाई भिवानी पुलिस
भिवानी। करीब डेढ़ साल पहले संदीप सोरखी का पानू काना गैंग ने इस शक में मर्डर किया था कि वह लंबे समय से बिट्टू गैंग की मदद कर रहा था। इसी रंजिश को लेकर गैंग के मुखिया विनोद उर्फ और अन्य सदस्यों ने संदीप को सोरखी गांव के पास गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतारा था। यह खुलासा 20 मर्डर मामलों में नामजद दो लाख रुपये के इनामी बदमाश पानू काना गैंग के लीडर विनोद उर्फ पानू और उसके साथी आशीष ने पुलिस की पूछताछ में किया है।
गैंगवार को लेकर संदीप सोरखी की हत्या किए जाने के मामले में भिवानी पुलिस को करीब एक साल से उसकी तलाश थी। सीआईए पुलिस बुधवार सुबह पानू काना गैंग के लीडर विनोद उर्फ पानू व उसके साथी गांव बालसमंद निवासी आशीष को हिसार से दो दिन के प्रोेटक्शन वारंट पर भिवानी लेकर आई। सीआईए एएसआई सतवीर सिंह के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा के बीच इन दोनों बदमाशों का सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराया गया। पुलिस को चकमा देकर भागने में माहिर इन दोनों ही बदमाशों को कड़ी सुरक्षा में रखा जा रहा है। पूछताछ के बाद संदीप सोरखी हत्या कांड सहित कई अन्य आपराधिक मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
एक महीने पहले हिसार पुलिस ने किया था गिरफ्तार
गांव सोरखी निवासी संदीप 12 अगस्त 2016 को अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर हांसी कोर्ट से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान गांव थुराना निवासी विनोद काना उर्फ पानू व उसके साथी कार में सवार होकर आए। गांव सोरखी में ही उसके गोलियों से भूनकर फरार हो गए। भिवानी पुलिस ने इस हत्याकांड को लेकर पानू गैंग के सदस्य अरविंद, नरेश, मौजी, मनजीत उर्फ मांगा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इन आरोपियों ने खुलासा किया था कि संदीप सोरखी की हत्या बिट्टू गैंग के साथ सांठगांठ होने पर की गई थी।
इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी गांव थुराना निवासी विनोद उर्फ पानू व उसके साथी गांव बालसमंद निवासी आशीष की पुलिस को एक साल से तलाश थी। इन दोनों ही आरोपियों को एक माह पूर्व हिसार पुलिस ने हथियारों सहित गिरफ्तार किया था।
--
बिट्टू गैंग व पानू गैंग के बीच लंबे समय से चल रहा है गैंगवार
विनोद पानू व बिट्टू थूराना गैंग के बीच लंबे समय से गैंगवार चला आ रहा है। पानू गैंग ने कुख्यात अपराधी बिट्टू की दो साल पहले ही हिसार में हत्या कर दी थी। बिट्टू का साथी गांव थुराना निवासी अजीत हिसार जेल में ही बंद है। जिसे पानू गैंग मारने के प्रयास में था।
विनोद पानू और आशीष से पूछताछ की जा रही है। दोनों ही आरोपियों पर हत्या व हत्या प्रयास के 20 मामले दर्ज हैं। पुलिस पूछताछ के बाद कई संगीन मामलों का खुलासा होगा। इन दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच हिरासत में रखा जा रहा है।
- सतवीर सिंह, जांच अधिकारी सीआईए
फोटो : 2