ब्लैकमेल कर दो साल से कर रहा था दुष्कर्म
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी
दिल्ली स्थित एक कंपनी में काम करने वाली जिले की एक युवती के साथ काम करने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर उसकी फोटोज ले ली। इसके बाद वह लगातार दो साल तक उसे सोशल मीडिया पर फोटोज डालने के नाम पर ब्लैकमेल की दुष्कर्म करता रहा। जब युवती कंपनी छोड़कर घर आ गई तो युवक ने उसकी फोटोज सोशल मीडिया पर डाल दी। इससे डरी सहमी पीड़िता ने वीरवार को महिला पुलिस थाने में पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। वहीं पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश में दिल्ली व नोएडा में छापेमारी की।
भिवानी- जींद मार्ग स्थित एक गांव की रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से दिल्ली के मयूर विहार इलाके में एक कंपनी में कार्यरत थी। उसके साथ ही कंपनी में कार्यरत मनीष शर्मा नामक युवक ने बहाने से होटल में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि दुष्कर्म कर आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें ले ली। इसके बाद वह फोटोज सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देता और दुष्कर्म करता। युवती ने बताया कि वर्ष 2015 से 2017 तक आरोपी उसे ब्लैकमेल कर जहां चाहता वहां बुलाकर यौन शोषण करता रहा। यहां तक की वह उसके मना करने पर गांव में भी आने लगा। अब उसकी इस हैवानियत का विरोध कर वहां से नौकरी छोड़कर घर रहने लगी तो उसकी अश्लील तस्वीरें आरोपी युवक ने फेसबुक पर अपलोड कर उसे बदनाम कर दिया। इससे डरी व सहमी हुई पीड़िता वीरवार शाम भिवानी महिला थाना पुलिस के पास पहुंची। थाना प्रभारी लक्ष्मी देवी ने इस मामले में तुरंत प्रभाव से मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा सामान्य अस्पताल में पीड़िता की मेडिकल जांच करवाई गई। साथ ही खुद के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में दिल्ली व नोएडा के कई क्षेत्रों में छापे मारी करने भी पहुंची।
--
पुलिस तत्परता से कर रही है कार्रवाई
महिला थाना पुलिस द्वारा मामले को तत्परता से लिया जा रहा है। पुलिस ने इस मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर छापे मारी भी की है।
- लक्ष्मी देवी, प्रभारी महिला थाना