खरोलिया मेडिकल हाल संचालक से फिरौती मांगने के मामले में टीनू का साथी गिरफ्तार
भिवानी। कुख्यात बदमाश दीपक उर्फ टीनू के साथियों की धरपकड़ अभी भी जारी है। शहर थाना पुलिस ने खरोलिया मेडिकल हाल के संचालक से फिरौती मांगने के मामले में टीनू के एक और साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।
महम गेट स्थित खरोलिया मेडिकल हाल के संचालक प्रवीण खरोलिया से 6 दिसंबर 2017 को टीनू व उसके साथियों ने फोन कर दस लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। यह फिरौती ना दिए जाने पर अगले ही दिन उसकी दुकान पर गोली बरसाई थी। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में कुख्यात बदमाश टीनू के साथी रामगंज मोहल्ला निवासी दीपक उर्फ पोपट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस द्वारा टीनू के एक और साथी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लिया है। पूछताछ के बाद और कई मामलों का खुलासा होने की संभावना है।
श्री भगवान, प्रभारी शहर थाना