नकाबपोश ने 80 मिनट की कोशिश फिर एटीएम तोड़ने में रहा असफल
भिवानी। घंटाघर चौक स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम को तोड़ने की कोशिश हुई। लेकिन, कैश चैंबर न टूट पाने की वजह से नकाबपोश व्यक्ति नकदी नहीं निकाल सका। बदमाश करीब 80 मिनट एटीएम केबिन के अंदर रहा। बैंक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे इस वारदात का तब पता चला, जब बैंक अधिकारी ऑफिस पहुंचे। बैंक परिसर के भीतर स्थित एटीएम शटर उखड़ा मिला और मशीन खुली व टूटी हुई मिली। अधिकारी इस घटना की जानकारी चीफ मैनेजर के अलावा रोहतक स्थित मुख्यालय को दी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
मैनेजर आरके आहूजा ने बताया कि बदमाश ने पहले एटीएम के शटर को उखाड़ा और नीचे से अंदर घुसा। सफेद ड्रेस पहने हुए बदमाश ने अपना मुंह पूरी तरीके से ढंका हुआ था। बैंक के सीसीटीवी कैमरे में बदमाश साफ दिखाई दे रहा है। उसने शटर तोड़ने में करीब 20 मिनट लगाया। वीरवार रात 2. 40 मिनट पर एटीएम के अंदर एंट्री की और लगभग सुबह चार बजे तक भीतर रहा। बदमाश ने लोहे की नुकीली राड की मदद से एटीएम को तोड़ने की कोशिश की। 80 मिनट के दौरान उसने एटीएम तोड़ने की भरसक का भरसक प्रयास किया लेकिन कैश चैंबर को नहीं तोड़ पाया।
सिटी थाना पुलिस ने बताया कि पीएनबी के चीफ मैनेजर सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। लेकिन, अभी पहचान नहीं हो पाई है।