अमर उजाला ब्यूरो
शाहतलाई (बिलासपुर)।
विकास खंड झंडूता के अंतर्गत ग्राम पंचायत मंलागण के गांव कुठेड़ा में दिवाली की रात
एक मकान में आग लग गई। इस हादसे में मकान में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। प्रशासन ने इस संबंध में पटवारी हल्का को नुकसान की रिपोर्ट बनाने के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार मामला वीरवार देर रात का है जब कांशीराम के रिहायशी मकान के एक कमरे में अचानक आग लग गई। कांशीराम ने बताया कि वीरवार रात को खाना खाने के बाद सभी परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सो गए। रात करीब 11 बजे उन्हें अचानक आग लगने की भनक लगी। तभी उन्होंने देखा कि सभी कमरों में धुंआ भर गया था। आग की सूचना मिलते ही उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद बड़ी संख्या में आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास किया। मगर आग इतनी भयंकर थी कि उसने बुझाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद कई घंटों की मशक्कत के बाद मकान के चार कमरों को बचा लिया गया। मगर एक कमरा जिस में गहने, राशन और अन्य सामान था, वह जलकर राख हो गया। आग से करीब पांच लाख के नुकसान होने का अनुमान है। मंलागण पंचायत प्रधान सुभाष चंद ने बताया कि उन्होंने तलाई पुलिस और हल्का पटवारी को घटना के बारे सूचित कर दिया है। उधर इस संदर्भ में झंडूता के एसडीएम नवीन शर्मा ने बताया कि हल्का पटवारी को नुकसान का जायजा लेने के आदेश दे दिए हैं।