सोनीपत की लड़की को नौकरी का झांसा देकर कराई वेश्यावृत्ति
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
पिता के लापता होने व मां के देहांत के बाद झूठे बर्तन साफ कर गुजर बसर कर रही सोनीपत निवासी 25 साल की एक युवती को बुधवार शाम को एक महिला ने नौकरी दिलाने के बहाने भिवानी बुलाया और दो युवकों के हवाले कर जबरन वेश्यावृत्ति करवाई। युवकों ने महिला को पैसे दिए और फिर युवती को बंधक बनाकर जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया और दुष्कर्म किया। युवती ने बाथरूम में जाकर किसी तरह 100 नंबर पर फोन कर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रात को ही मौके पर पहुंचकर दलाल महिला को काबू कर लिया, जबकि उसके साथी वहां से भाग निकले। सिविल लाइन पुलिस ने युवती के बयान पर महिला व उसके साथियों पर सामूहिक दुष्कर्म, पैसे लेकर जबरन वेश्यावृत्ति करवाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
सोनीपत जिला निवासी 25 साल की लड़की ने पुलिस को दर्ज कराए बयान में कहा कि काफी साल पहले उसका पिता लापता हो गया था, जबकि मां की मौत हो चुकी है। उसकी बड़ी बहन पानीपत के पास ब्याही की गई है। सोनीपत में अब वह अकेली रहकर और घरों में बर्तन साफ करने का काम करती है। उसने कहा कि जिस महिला के यहां बर्तन साफ करने जाती है, उसने एक दिन उसे भिवानी की रेखा नामक महिला का नंबर दिया। उसने कहा कि तुम भिवानी आ जाओ, मैं नौकरी लगवा दूंगी। वह बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे भिवानी सिटी स्टेशन पहुंची। वहां पर उसने पहले से ही कुछ व्यक्ति बुला रखे थे। उसने कहा कि नौकरी तो मिल जाएगी, लेकिन पहले इन व्यक्तियों को खुश करना होगा। यह घिनौना काम करने से इनकार करने पर वहां किराये पर रह रहे सीकर (राजस्थान) निवासी अमरजीत ने महिला के कहने पर उसे पीटा व जबरन शराब पिलाने की कोशिश की। इसके बाद दो व्यक्तियों के हवाले कर दिया गया। दोनों से उसके साथ जबरन संबंध बनवाए। एक व्यक्ति ने इसके बदले महिला को 900 रुपये जबकि दूसरे ने चार हजार रुपये दिए। इसके बाद उक्त महिला ने उसे घर जाने के लिए कहा तो मैंने बाथरूम में जाकर 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया। सूचना मिलते ही सेक्टर-13 पुलिस चौकी इंचार्ज रामअवतार व महिला थाना की एएसआई बंसती ने मौके पर पहुंची और युवती को मुक्त करवाया। पुलिस ने वहां से आरोपी महिला मीना को गिरफ्तार कर लिया।
-----
आरोपी महिला को भेजा जेल
पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए युवती को मुक्त करवाकर मौके पर ही मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। युवती के बयान पर आरोपी महिला, उसके साथी सहित चार लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
रामअवतार, इंचार्ज पुलिस चौकी सेक्टर-13