अपनी बुआ के साथ लघु सचिवालय आई एक लड़की का उसी के ममेरे भाई द्वारा अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत रिश्ते में लड़की की बुआ लगने वाली महिला ने पुलिस को दी है। जिस पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में जिले के एक गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि वीरवार को वह अपनी 20 वर्षीय भतीजी के साथ किसी कार्य से लघु सचिवालय परिसर में आई हुई थी। महिला ने बताया कि वह एक दुकान पर अपने मकान के कागजात तैयार कराने लगी और इसी दौरान उसकी भतीजी बाहर चाय की दुकान पर बैठी हुई थी। जब वह अपना काम निपटाकर वापस दुकान की तरफ आई तो इसी दौरान उसकी भतीजी के रिश्ते में मामा का लड़का उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया। उसने पीछे से आवाजें भी लगाई, मगर आरोपी युवक उसकी भतीजी को लेकर फरार हो गया। जिसकी जानकारी उसने फोन पर अपनी भाभी को दी। जिसके बाद उसने सिविल लाइन पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ लड़की के अपहरण का केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी।