एक रिटायर्ड सरकारी टीचर की मौत के बाद उसकी ई-मेल और व्हाट्स ऐप डाटा से एक महिला द्वारा उसके भाई व एक अन्य युवक के साथ मिलकर ब्लैकमेल किए जाने का राज खुला है। वहीं, मृतक टीचर के बेटे की एसपी को दी शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस थाना में दिल्ली निवासी एक महिला व उसके भाई सहित तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
शहर की एक कॉलोनी निवासी युवक ने सिविल लाइन पुलिस थाना में दी शिकायत में आरोप लगाया कि पूर्वी दिल्ली निवासी प्रिया लुथरा, उसके भाई राजेश लुथरा व कुलवंत सिंह नामक व्यक्ति ने मिलकर उसके पिता को ब्लैकमेल किया। उसने बताया कि उसके पिता रिटायर्ड सरकारी टीचर थे। जिनकी मौत 29 दिसंबर 2019 को हो चुकी है। उसके पिता की ई-मेल आईडी व व्हाट्स ऐप डाटा जांचने पर प्रिया लुथरा व उसके भाई राजेश लुथरा और कुलवंत सिंह नामक व्यक्ति द्वारा उसके पिता को ब्लैकमेल कर उससे समय-समय पर लाखों रुपये ऐंठ चुके हैं। मृत्यु से पहले उसके पिता काफी गुमशुम रहते थे, जिसका कारण पूछने पर उन्होंने इस बात का खुलासा कर दिया था, लेकिन कितने पैसे अब तक ये ऐंठ चुके हैं, इस बात का पता व्हाट्स ऐप और ई-मेल डिटेल खंगालने पर पता चला।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके पिता का आरोपी महिला से संपर्क 13 जुलाई 2018 को जीवन साथी डॉट कॉम वेबसाइट के जरिये हुआ था। तब से लेकर ये महिला उसके पिता को झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करती रही। आरोपी महिला ने उसके पिता को प्रभाव में लेकर अपने इलाज के बहाने करीब आठ लाख रुपये निजी अस्पताल के खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसी तरह महिला ने एक रॉयल इनफिल्ड बाइक भी आठ फरवरी 2019 को खरीद की गई। इसी तरह उसके पिता के बैंक खाता से 23 अगस्त 2018 को आठ लाख रुपये की राशि आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करवाकर आई-20 कार खरीदी गई। आठ दिसंबर 2019 को उसके पिता के बैंक खाता से 63 हजार रुपये ट्रांसफर कराकर एक एक्टिवा स्कूटी खरीदी गई। जिस पर उसके पिता ने ई-मेल के जरिये ऐतराज भी जताया हुआ है। इसी तरह उसके पिता पर नाजायज दबाव बनाकर चार लाख रुपये के जेवरात भी खरीदे गए। आरोपी महिला उसके पिता पर 50 लाख रुपये व क्रेटा गाड़ी और 300 ग्राम सोने की भी मांग कर रही थी। मांग पूरी नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी जा रही थी। जिसके बाद उसके पिता ने कर्ण सिंह के खाते में पैसे जमा कराए थे। इसी तरह महिला उसके पिता पर 20 लाख रुपये व फ्लैट की भी मांग कर रही थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता की मौत महिला द्वारा ब्लैकमेल किए जाने व झूठे केस में फंसाने की धमकियां देकर लाखों रुपये ऐंठने की वजह से हुई है। सिविल लाइन पुलिस थाना के जांच अधिकारी एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि पुलिस ने मृतक टीचर के बेटे की शिकायत पर महिला सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल मामले की तहकीकात की जा रही है।