नौरंगाबाद स्थित निर्माणाधीन टोल पर बने कैबिन का शरारती तत्वों द्वारा तोड़े गए शीशे।
- फोटो : Bhiwani
एनएचएआई 709ई के तहत भिवानी-रोहतक मुख्य मार्ग पर गांव नौरंगाबाद के समीप निर्माणाधीन टोल प्लाजा पर बने केबिन के शीशे शरारती तत्वों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। यहां लगे नौ केबिन में तोड़फोड़ की गई। निर्माणाधीन टोल पर तोड़फोड़ की सूचना भारतीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को भी भेजी गई है। अभी तक पुलिस के पास इस मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है।
मालूम हो कि भिवानी रोहतक मुख्य मार्ग पर गांव नौरंगाबाद के समीप टोल प्लाजा का निर्माण चल रहा है। यहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि टोल प्लाजा पर नौ केबिन बन चुके हैं। जबकि सीसीटीवी कैमरे व बिजली उपकरण लगाने का काम चल रहा है। सुरक्षा कर्मियों के अनुसार कुछ दिन पहले शरारती तत्वों ने टोल प्लाजा पर बने सभी केबिनों के शीशे तोड़ डाले। इस संबंध में एनएचएआई को सूचना दे दी गई है। वैसे तो इस निर्माणाधीन टोल पर सिक्योरिटी गार्ड तैनात हैं, इसके बावजूद इस तरह की घटना हो जाना चिंताजनक है, वहीं घटना का इतनी देर बाद पता चल पाना भी लापरवाही को दर्शाता है। सदर थाना क्षेत्र की खरक चौकी के इंचार्ज प्रवीन कुमार ने बताया कि इस मामले की शिकायत अभी नहीं आई है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।