गांव चांग में दो पक्षों के बीच बुधवार देर रात जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों ही पक्षों से 12 लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आठ जुलाई को चांग गांव में दो पक्षों में मामूली कहासुनी केा लेकर विवाद हो गया था। जिसमें दोनों ही पक्ष के लोगों को चोट आई थी। 10 जुलाई को अस्पताल से घायल छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे कि देर रात फिर से कहासुनी हो गई। बात इतनी बिगड़ी की दोनों ओर से लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे। जिसमें दोनों पक्षों के छह-छह घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन संदीप ने बताया कि झगड़े में उसके भाई सज्जन, बेटे अमन, भाई अजय व उसकी मां बिमला व सज्जन की पत्नी सुदेश को चोट आई है। संदीप ने बताया कि गांव के ही कुछ लोगों ने उन पर लाठी डंडों से हमला किया। उनका आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने गली के अंदर फैले कीचड़ से छींटे लगने को लेकर मामूली सी बात पर विवाद शुरू किया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच आठ जुलाई को भी झगड़ा हुआ। वहीं दूसरे पक्ष से मंजीत, बलजीत, मंजीत का बेटा सुंदर, मुकेश की पत्नी उषा व मुकेश, रवींद्र को झगड़े में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मंजीत का आरोप है कि बीती देर रात 11 बजे आरोपी पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया। विवाद गली के अंदर फैले कीचड़ से छींटे लगने पर हुआ था। इसी बात को लेकर आठ जुलाई को भी विवाद हुआ था। उस समय भी झगड़े में चोटें आई थी। जिसकी शिकायत भी गुजरानी पुलिस चौकी में दी गई थी। मगर बीती रात को फिर से इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया । फिलहाल सदर पुलिस के जांच अधिकारी े अस्पताल पहुंचकर दोनों ही पक्षों के घायलों का बयान दर्ज कर इस संबंध में जांच पड़ताल शुरू कर दी।